
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के काठगोदाम थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चलती कार में वारदात
घटना 24 फरवरी की देर शाम की बताई जा रही है। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के अनुसार, काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र निवासी किशोरी घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी। इसी दौरान पास में रहने वाले दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर कार में बैठा लिया और हैड़ाखान रोड की ओर ले गए।आरोप है कि जंगल किनारे खड़ी कार में दोनों युवकों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद किशोरी को छोड़ा घर
घटना के बाद दोनों युवकों ने किशोरी को उसके घर पर छोड़ दिया।जिसके बाद अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी किशोरी ने अपने परिजनों को दी। जानकारी मिलने के बाद किशोरी की मां ने दोनों युवकों के खिलाफ काठगोदाम थाने में मुकदमा दर्ज कराया। जहां पुलिस ने पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों को भेजा जेल
पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। बताया जा रहा कि दोनों आरोपी अल्मोड़ा जनपद के दनिया के रहने वाले हैं। आरोप है कि दुष्कर्म से पहले आरोपियों ने किशोरी को जबरन शराब पिलाई। जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। दोनों आरोपी किशोरी के घर के पास ही किराए में रहते हैं।



