उत्तराखंड

रामनगर के लग्जरी रिसॉर्ट में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 51 गिरफ्तार; 10 महिलाओं को कराया मुक्त

रामनगर: नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक लग्जरी रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। मामले में प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर रिसॉर्ट में छापा मारा। पुलिस के अनुसार मौके पर कथित तौर पर देह व्यापार, शराब पार्टी, महिलाओं से अश्लील डांस करवाने और उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं।

 

दो दिन के लिए बुक किया गया था रिसॉर्ट

 

प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेन्द्र कुमार ने बताया कि पार्टी उसकी कंपनी से जुड़े लोगों के लिए आयोजित की गई थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को दो दिनों के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। पुलिस के अनुसार महिलाओं की व्यवस्था कथित तौर पर प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से कराई गई थी।

 

रजिस्टर में नहीं दर्ज किए गए मेहमान

 

जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट प्रबंधन ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले लोगों और महिलाओं का विवरण आगंतुक रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि किसी प्रकार का रिकॉर्ड न बन सके।

 

रिसॉर्ट सील, मैनेजर फरार

 

मामले में रिसॉर्ट परिसर का उपयोग कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियों के लिए किए जाने के आरोपों के बाद प्रशासन ने रिसॉर्ट को सील कर दिया है। वहीं रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

बड़ी मात्रा में सामान बरामद

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब, बीयर, साउंड सिस्टम, लैपटॉप, मोबाइल फोन, कथित आपत्तिजनक सामग्री और नोट उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए गए 10 रुपये के नोटों की गड्डियां बरामद की हैं। जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।

 

कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

 

इस कार्रवाई के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अभियान में शामिल पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मानव तस्करी, देह व्यापार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button