Journalist की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक पत्रकार की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सिलसिले में मुख्य हमलावर को एक सशस्त्र मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस कमिश्नर डॉ अजय पाल शर्मा ने शुक्रवार का बताया कि एक दिन पहले पत्रकार एलएन सिंह का किसी बात को लेकर हत्यारोपियों से विवाद हुआ था। जिसके बाद हत्यारोपी विशाल खुल्दाबाद से चाकू खरीद कर लाया और अपने साथियों के साथ मिलकर एल एन सिंह पर जानलेवा हमला किया। हमले में एल एन सिंह की मौत हो गयी। विशाल को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी विशाल के दोनों पैरों में तीन गोलियां लगी हैं।
घायल हत्यारोपी विशाल को एस आर एन में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पत्रकार की हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं जबकि पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अपर पुलिस कमिश्नर के मुताबिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। उनके मुताबिक मुख्य आरोपी विशाल को पुलिस रिमांड पर लेकर भी पूछताछ करेगी।अपर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर अजय पाल शर्मा के मुताबिक घटनास्थल का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। घटनास्थल पर मौजूद साक्ष्य इक_ा किए गए और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद यह खुलासा हुआ कि आरोपी विशाल ने वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद यह कार्रवाई हुई है। अपर पुलिस कमिश्नर के मुताबिक हत्यारोपियों से किस बात को लेकर मृतक पत्रकार एल एन सिंह का झगड़ा हुआ था। इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी विधिक कार्यवाही है वह अमल में लाई जाएगी।



