उत्तराखंडआपदादेहरादूनराजनीतिराजनैतिक

प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल, बदले SSP

देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सहित कई नेताओं ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताया।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

11 दिन में तीसरी हत्या से दहशत

नेताओं ने कहा कि गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या ने राजधानी देहरादून की शांति और सुकून को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजपुर रोड जैसे पॉश इलाके में हुए गोलीकांड से शहर में एक बार फिर सनसनी फैल गई।

राजधानी देहरादून में महज 11 दिनों के भीतर दिनदहाड़े हुई यह तीसरी हत्या है, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही दूनवासियों के बीच एक ही सवाल उठ रहा है कि आखिर शांत शहर में अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए।

एसएसपी अजय सिंह हटाए गए

देहरादून में 48 घंटे के भीतर दो हत्याओं के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी अजय सिंह को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून की कमान सौंपी गई है।

अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है।

इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया गया है। उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया है, जो वर्तमान में चंपावत के एसपी थे। वहीं पिथौरागढ़ की एसपी रेखा यादव को चंपावत का नया एसपी नियुक्त किया गया है।

जनता में बढ़ी चिंता

लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता के साथ-साथ राजनीतिक दल भी सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button