देहरादून में हाउस टैक्स बकायेदारों पर सख्ती, 15 दिन में भुगतान नहीं तो होगी आरसी कार्रवाई

देहरादून: होली के बाद देहरादून नगर निगम शहर में हाउस टैक्स वसूली के लिए बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में अधिकतम राजस्व संग्रह के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए हर वार्ड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम देहरादून ने आठ टीमों का गठन किया है, जो बकायेदारों से सीधे संपर्क कर टैक्स जमा कराने की कार्रवाई करेंगी।
नगर निगम के अनुसार, रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले करदाताओं को अब अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किया जाएगा। चेतावनी मिलने के 15 दिन के भीतर कर जमा नहीं करने पर संबंधित बकायेदार के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की कार्रवाई की जा सकती है।
जोनल कार्यालयों में अतिरिक्त काउंटर
हाउस टैक्स वसूली को तेज करने के लिए नगर निगम जोनल कार्यालयों में अतिरिक्त काउंटर भी लगाएगा, ताकि करदाता आसानी से अपना बकाया कर जमा कर सकें।
व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे बिल
करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने डिजिटल व्यवस्था भी लागू कर दी है। अब भवन कर के बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं, जिनमें ऑनलाइन भुगतान के लिए लिंक और क्यूआर कोड भी शामिल है। इससे करदाता घर बैठे ही तुरंत भुगतान कर सकेंगे।
बड़े बकायेदारों पर विशेष नजर
पिछले महीने महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कर वसूली को पारदर्शी और आसान बनाने का निर्णय लिया गया था, ताकि नगर निगम के राजस्व में वृद्धि हो सके। इसके तहत नगर निगम ने बड़े बकायेदारों की सूची भी तैयार कर ली है, जिनसे जल्द वसूली की जाएगी।

