
देहरादून। देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, जाखन की ओर से आ रही इनोवा कार को गुनीत सिंह चला रहा था। ओल्ड सर्वे रोड पर अचानक वाहन की रफ्तार तेज हो गई और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान सड़क पर चल रहे करीब पांच लोग कार की चपेट में आ गए।
हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि अनूप का उपचार जारी है।
इसके अलावा एक अन्य घायल को पहले दून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में रेफर किया गया। एक और घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसकी पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी।
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक गुनीत सिंह को हिरासत में ले लिया।



