उत्तराखंड

सरकारी डॉक्टरों को शाम में सरकारी अस्पतालों में प्रैक्टिस की छूट देने की तैयारी, तीन शर्तें होंगी लागू

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी डॉक्टरों के लिए शाम के समय सरकारी अस्पतालों में मरीज देखने की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। सरकार मरीजों के हित को देखते हुए डॉक्टरों को सरकारी अस्पताल परिसर में ही सशर्त निजी प्रैक्टिस की अनुमति देने पर विचार कर रही है। इसके लिए तीन प्रमुख शर्तें रखी गई हैं—मरीजों से न्यूनतम फीस लेना, ऑपरेशन व अन्य उपचार सरकारी अस्पताल में ही करना और बाहर की दवाएं नहीं लिखना।

वर्तमान में प्रदेश में सरकारी डॉक्टरों के निजी प्रैक्टिस करने पर रोक है। इसके बदले डॉक्टरों को वेतन के साथ नॉन प्रैक्टिस अलाउंस दिया जाता है। इसके बावजूद कई डॉक्टर अपने आवास या निजी क्लीनिक में मरीज देखते हैं। सरकार अब इसी व्यवस्था को नियंत्रित करते हुए डॉक्टरों को सरकारी अस्पताल में ही शाम के समय मरीज देखने की सुविधा देने की तैयारी कर रही है।

नई व्यवस्था पूरी तरह ऐच्छिक होगी। डॉक्टरों को अस्पताल परिसर के बाहर मरीज देखने की अनुमति नहीं होगी। मरीजों से ली जाने वाली फीस भी न्यूनतम रखने का प्रावधान होगा। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा हो चुकी है और जल्द ही इसे कैबिनेट के समक्ष रखा जा सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकारी डॉक्टरों को शाम के समय सरकारी अस्पतालों में सशर्त प्रैक्टिस की अनुमति देने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत डॉक्टर मरीजों को बाहर की दवाएं नहीं लिख सकेंगे। यदि किसी मरीज को ऑपरेशन या अन्य प्रक्रिया की जरूरत होगी तो उसका उपचार भी सरकारी अस्पताल में ही किया जाएगा। इससे मरीजों को निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में इलाज मिलने की उम्मीद है।

सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से सरकारी अस्पतालों का भी बेहतर उपयोग हो सकेगा। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में कई सरकारी अस्पताल दोपहर बाद खाली हो जाते हैं। डॉक्टरों के पास भी मरीज देखने के लिए अलग व्यवस्था नहीं होती। शाम के समय अस्पतालों में ही मरीजों को देखने की अनुमति मिलने से डॉक्टरों और मरीजों दोनों को इसका लाभ मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button