सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
मराठा आरक्षण पर महाराष्ट्र में घमासान, जरांगे ने दिया अल्टीमेटम

छत्रपति संभाजीनगर। मराठा आरक्षण की आग में महाराष्ट्र बुरी तरह झुलस रहा है। जगह-जगह आंदोलन हो रहे हैं। गुस्साए लोग आत्महत्या का प्रयास कर रहे हैं, मंत्रियों की गाडिय़ां आग के हवाले की जा रही हैं। इसी बीच कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बुधवार को दोहराया कि अगर मराठा समुदाय को आरक्षण देने की उनकी मांग महाराष्ट्र सरकार ने पूरी नहीं की तो वह आज शाम से पानी पीना बंद कर देंगे। जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में 25 अक्तूबर से अनशन कर रहे जरांगे ने संवाददाताओं से कहा कि सभी दलों के नेताओं को महाराष्ट्र सरकार से राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने और मराठा समुदाय को आरक्षण देने के लिए कहना चाहिए। उधर, सरकार ने बुधवार को मराठा आरक्षण पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह सर्वदलीय बैठक मुंबई के सह्याद्रि गेस्ट हाउस में होगी। हालांकि बैठक में ठाकरे समूह के नेताओं को आमंत्रित नहीं किया गया है। श्री अंबादास दानवे नेता प्रतिपक्ष के तौर पर ही बैठक में शामिल होंगे। मराठवाड़ा जिले के कई स्थानों पर जारी मराठा आंदोलन हिंसक हो गया है, इसलिए मराठवाड़ा क्षेत्र के कई इलाकों में कर्फ्यू के आदेश जारी किए गए हैं। इस बीच, बीड, धाराशिव और अब छत्रपति संभाजीनगर जिले में 15 नवंबर तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। अपर जिला मजिस्ट्रेट जनार्दन विदते ने रात में इस संबंध में आदेश जारी किए। प्रशासन ने कहा कि जिले में मराठा-धनगर समुदाय के आंदोलन के कारण उत्पन्न स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।