टिहरी में गैस सिलेंडर की किल्लत से भीड़

टिहरी के घनसाली स्थित इंडियन गैस एजेंसी के बाहर रविवार रात अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। गैस की किल्लत होने की अफवाह फैलते ही उपभोक्ता अपना नंबर सुरक्षित करने के लिए देर रात ही एजेंसी के बाहर जमा हो गए। देखते ही देखते वहां लोगों की लंबी कतारें लग गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
समाजसेवी विनोद लाल ने बताया कि पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में गैस की आपूर्ति ठप थी, जिससे लोगों में चिंता का माहौल था। जैसे ही रसोई गैस की कमी की खबर फैली, उपभोक्ता सुबह आने वाली गाड़ी के इंतजार में रात से ही लाइन में लग गए। घबराहट और हड़बड़ी के कारण स्थिति बिगड़ने लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और परेशान लोगों को समझा-बुझाकर वापस घर भेजा। एसडीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि गैस की कोई कमी नहीं है और घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन की तत्परता का असर रहा कि सुबह जब गैस सिलेंडर से भरा ट्रक एजेंसी पहुँचा, तो वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू हुई।
प्रशासन का निर्देश: बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही मिलेगी गैस
एसडीएम अलकेश नौडियाल ने स्पष्ट किया कि लंबी कतारें केवल गलत सूचनाओं और अफवाहों के कारण लगी थीं। उन्होंने साफ कहा कि केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जाएगा जिनकी बुकिंग पहले से हो चुकी है।
ग्रामीण क्षेत्रों में गैस का वितरण अब निर्धारित रोस्टर के आधार पर किया जाएगा ताकि किसी को परेशानी न हो। प्रशासन की इस समय रहते कार्रवाई से बड़ी अव्यवस्था टल गई। फिलहाल, घनसाली में गैस वितरण कार्य पूरी तरह सामान्य हो गया है।



