
देहरादून। झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में उत्तराखंड पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शूटरों की तलाश में पुलिस की एक विशेष टीम जमशेदपुर पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले शूटर जमशेदपुर के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान आकाश और आशुतोष के रूप में हुई है। तीसरे हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
नजदीकी ने रची साजिश!
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विक्रम शर्मा की हत्या कारोबारी लेनदेन और आपसी रंजिश के चलते करवाई गई। आशंका जताई जा रही है कि उसके किसी नजदीकी व्यक्ति ने ही साजिश रचकर शूटरों को सुपारी दी थी।
प्लेन से पहुंचे उत्तराखंड, हरिद्वार से किराए पर ली बाइक
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शूटर प्लेन के जरिए उत्तराखंड पहुंचे थे। हरिद्वार से उन्होंने किराए पर बाइक और स्कूटी ली और देहरादून पहुंचे। पुलिस के अनुसार हमलावरों के पास विक्रम शर्मा की दिनचर्या और गतिविधियों की पूरी जानकारी थी।
जिम के बाहर रची गई हत्या की साजिश
शूटरों ने हत्या के लिए सिल्वर सिटी क्षेत्र को चुना, क्योंकि विक्रम शर्मा नियमित रूप से वहां स्थित जिम आता-जाता था। घटना के समय विक्रम शर्मा के पास पिस्टल मौजूद थी, लेकिन हमलावरों ने उसे हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पहली गोली विक्रम शर्मा के सिर पर लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस ने शहर में चौकसी बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।



