अपराधउत्तराखंडदेहरादून

देहरादून के गांधीग्राम में फल को लेकर विवाद बना सांप्रदायिक तनाव, महिला दुकानदार से मारपीट; पीएसी तैनात

देहरादून: देहरादून में होली की शाम गांधीग्राम क्षेत्र में फलों की बिक्री को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते सांप्रदायिक तनाव में बदल गया। आरोप है कि फल में कमी निकालकर वापस करने आए कुछ युवकों ने महिला दुकानदार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में पथराव और बवाल की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए मौके पर पीएसी तैनात कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम लक्ष्मण चौक चौकी के गांधीग्राम मोहल्ले में यह घटना हुई। पीड़िता रेशमा बाला सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान एक 16-17 वर्षीय किशोर उनकी दुकान से फल खरीदकर ले गया। कुछ देर बाद वह वापस आया और फलों में कमी बताते हुए गाली-गलौज करने लगा।

महिला से मारपीट का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि किशोर ने फल उनके ऊपर फेंक दिए और अपने साथियों को बुलाकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला को थप्पड़ मारे गए और सड़क की ओर धक्का दिया गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

पथराव और भारी पुलिस बल तैनात

दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से स्थिति बिगड़ने लगी और पथराव की नौबत आ गई। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए क्षेत्र में पीएसी तैनात की गई है। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पिंटू (चप्पल वाला) और सलीम (होटल वाला) समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button