उत्तराखंडराजनीतिराजनैतिक

गैरसैंण में आज से उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र, सीएम धामी पेश करेंगे चुनावी बजट

गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में शुरू हो रहा है। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में प्रदेश का बजट पेश करेंगे। दोपहर लगभग तीन बजे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में इस बार के बजट में चुनावी असर देखने को मिल सकता है। लोगों को उम्मीद है कि धामी सरकार इस बजट में कई बड़ी घोषणाएं कर सकती है।

रविवार शाम विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें बजट सत्र के एजेंडे पर चर्चा की गई थी। बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल सत्र के लिए दो दिन का एजेंडा तय किया गया है। मंगलवार को दोबारा बैठक कर आगे की कार्यवाही तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सत्र की शुरुआत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के अभिभाषण से होगी। भोजनावकाश के बाद विधानसभा अध्यक्ष राज्यपाल के अभिभाषण का पाठ करेंगी और इसके बाद मुख्यमंत्री सदन में बजट प्रस्तुत करेंगे।

मंगलवार को प्रश्नकाल और शून्यकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी और धन्यवाद प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष ने रविवार को गैरसैंण पहुंचकर विधानसभा मंडप और सचिवालय परिसर का निरीक्षण भी किया।

कांग्रेस का बहिष्कार जारी

कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ और बसपा विधायक मो. शहजाद मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस ने इस बैठक का बहिष्कार किया और बजट सत्र में भी अपना विरोध जारी रखा।

गैरसैंण में दूसरी बार पेश होगा चुनावी बजट

राज्य के इतिहास में यह दूसरी बार होगा जब गैरसैंण में चुनावी बजट पेश किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2021 में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपनी सरकार का आखिरी बजट गैरसैंण विधानसभा में प्रस्तुत किया था। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूदा सरकार का अंतिम बजट सत्र गैरसैंण में पेश करने जा रहे हैं।

भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पेश होने वाले बजट का आकार एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार बजट को अंतिम रूप दे दिया गया है। चूंकि यह मौजूदा सरकार का आखिरी बजट सत्र है और अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं, इसलिए इस बजट से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button