
देहरादून। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि.) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में उनका योगदान सदैव मील का पत्थर बना रहेगा। उनके निधन से राष्ट्र ने एक विशिष्ट सैनिक, सक्षम प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है।
सूत्रों के अनुसार उपराष्ट्रपति बुधवार को देहरादून स्थित बसंत विहार आवास पर पहुंचकर स्व. खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी को देहरादून दौरे के दौरान भी उपराष्ट्रपति ने उनके आवास पहुंचकर कुशलक्षेम जाना था और लोकसभा में पूर्व सहकर्मी के रूप में अपने संबंधों को याद किया था।
हल्के दिल के दौरे से हुआ निधन
पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह 11:10 बजे 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उन्हें एक अप्रैल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय जांच में आंतों में रक्तस्राव की समस्या सामने आई थी और विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था।
करीब 49 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद मंगलवार सुबह उन्हें हल्का कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ थे और बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा था।
प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई भी शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
राजकीय शोक को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी स्कूल तथा सरकारी कार्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन से प्रदेशभर में शोक की लहर है और विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।



