
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को विस्तृत एसओपी (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में सरकारी कर्मचारियों के साथ हुई अन्य घटनाओं का उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।
डीजीपी को सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्य सचिव को फोन पर निर्देश देते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट और प्रभावी एसओपी तैयार करने को कहा।
इसके साथ ही डीजीपी को भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शिक्षा निदेशालय घटना में कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने एसएसपी देहरादून को भी निर्देशित किया है कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
सरकार का कहना है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार या हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।



