अपराधउत्तराखंड

हल्द्वानी में डबल मर्डर से सनसनी: गल्ला मंडी में युवक-युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या, इलाके में दहशत

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बरेली रोड स्थित नवीन मंडी की गल्ला मंडी में युवक और युवती की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह दोनों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह मंडी परिसर में लोगों ने खून से सने युवक और युवती के शव पड़े देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की पहचान चंपावत जिले के निवासी के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या बेहद निर्ममता से की गई है और सिर पर भारी पत्थर से वार कर जान ली गई।

पुलिस जांच में जुटी, कई एंगल से पड़ताल

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हत्यारों की पहचान की जा सके। पुलिस प्रेम-प्रसंग, आपसी रंजिश और अन्य संभावित एंगल से भी जांच कर रही है।

इलाके में दहशत, सुरक्षा बढ़ाई गई

दिनदहाड़े हुई इस दोहरी हत्या से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button