उत्तराखंडदेहरादूनराजनीतिराजनैतिक

‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आगाज़ आज, परेड ग्राउंड से करेंगे सीएम धामी शुभारंभ

देहरादून: उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत सोमवार को मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी द्वारा परेड ग्राउंड से की जाएगी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राज्य के सभी जनपदों में भी किया जाएगा।

तैयारियों का लिया गया जायजा

रविवार को मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, यातायात और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के मिनट-टू-मिनट प्लान के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित हों और बिजली व साउंड सिस्टम के लिए पर्याप्त बैकअप रखा जाए।

स्थल पर मिलेंगी कई सुविधाएं

कार्यक्रम स्थल पर ही आम जनता के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करना, सहायक उपकरण वितरण और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिल सके।

वर्चुअल लोकार्पण और शिलान्यास

जिलाधिकारी सविन बंसल के अनुसार, इस अवसर पर मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

तीन दिन तक चलेंगे कार्यक्रम

23 से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार अपने चार साल के कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखेगी और आगामी योजनाओं की झलक भी प्रस्तुत करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button