
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के पटेल नगर थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवक का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। बताया जा रहा है कि शव करीब चार से पांच दिन पुराना है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पैतृक गांव गए थे परिजन, घर पर अकेला था युवक
मिली जानकारी के अनुसार मामला पटेल नगर थाना क्षेत्र के विद्या विहार फेज-2 का है। यहां रहने वाला आकाश (27) घर में अकेला था। उसके माता-पिता करीब पांच दिन पहले अपने पैतृक गांव टिहरी गए हुए थे। इस दौरान युवक घर पर ही रह रहा था।
रविवार को जब परिजन गांव से लौटे तो उन्होंने आकाश के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। कई बार आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
खिड़की से झांककर देखा तो जमीन पर पड़ा था युवक
चिंतित परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो आकाश कमरे के फर्श पर पड़ा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर युवक का गला-सड़ा शव बरामद हुआ, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत चार-पांच दिन पहले हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।



