उत्तराखंडमौसम

देहरादून में तापमान सामान्य से अधिक, मैदानी इलाकों में बढ़ी गर्मी; पहाड़ों में हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड मौसम। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। शहर और आसपास के इलाकों में इन दिनों धूप और बादलों की आंख-मिचौली का दौर जारी है।

प्रदेश में सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।अब दिन के समय लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है।

मैदानी जिलों में शुष्क मौसम, बढ़ती तपिश

प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले कई दिनों से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून जैसे जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय न होने के कारण मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर जारी रहेगा।

पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्के हिमपात के भी आसार हैं। हालांकि यह गतिविधियां सीमित क्षेत्रों तक ही रहेंगी और व्यापक ठंडक की संभावना नहीं है।

1 से 5 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वानुमान के मुताबिक 1 से 5 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम मुख्य तौर पर शुष्क बना रहेगा। मैदानी इलाकों में चटक धूप के चलते तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक और दिन में गर्माहट का एहसास जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button