
देहरादून। उत्तराखंड में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल और उत्तरकाशी के बाद अब देहरादून और हरिद्वार जिला न्यायालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई।
जिला जज कार्यालय की ओर से इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा और चेकिंग बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कई जिलों को मिल चुकी है धमकी
पिछले दो दिनों में उत्तरकाशी, हरिद्वार, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।
सोमवार को नैनीताल और उत्तरकाशी जिला अदालतों को धमकी मिली थी, जबकि मंगलवार को पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिला न्यायालय को भी धमकी भरा ई-मेल भेजा गया।
जांच में जुटीं कई टीमें
धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए उत्तराखंड के कई जिलों की पुलिस टीमों के साथ उत्तर प्रदेश की भी टीमें जांच में जुटी हैं। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही हैं।
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
धमकियों के बीच मंगलवार को उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यों के चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए।
फिलहाल सभी जिला न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।



