उत्तराखंडदेहरादून

डीएवी कॉलेज समारोह में अभद्र भाषा का आरोप, गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप में हरियाणवी गायक Masoom Sharma के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज किया गया।

सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का आरोप

पुलिस को दी गई शिकायत में प्रांचल नौनी ने बताया कि 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून में छात्रसंघ कार्यक्रम के दौरान गायक को आमंत्रित किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सैकड़ों छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों के सामने बार-बार मां-बहन की गालियों सहित अन्य अश्लील शब्दों का प्रयोग किया।

शिकायत में कहा गया है कि घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया है, जिससे उत्तराखंड सहित देशभर में आक्रोश है। यह घटना शैक्षणिक परिसर में हुई, जिससे कॉलेज और शहर की छवि प्रभावित हुई है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की

धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य/गीत),

धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उकसाना)

के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों के साथ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और थाना घेराव किया जाएगा।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना से जुड़ा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। देहरादून ही नहीं, उत्तराखंड और अन्य राज्यों में भी इसको लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विधिक प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button