
कोटद्वार। कोटद्वार में कांग्रेस की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
“भाजपा जुमलेबाजी में यकीन रखती है”
कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार काम करने के बजाय जुमलेबाजी में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा और उत्तराखंड में अपराध, भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, पेपर लीक और बेरोजगारी को लेकर प्रतिस्पर्धा जैसी स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अब केवल संघर्ष का समय नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार लाने का समय है।
विचारधारा की लड़ाई: गणेश गोदियाल
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के बीच विचार और विचारधारा की लड़ाई है। उन्होंने दावा किया कि दो कार्यकाल में जनता भाजपा की नीतियों को समझ चुकी है और इस बार करारा जवाब देगी।
सम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का आह्वान किया।



