
रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों ने प्रदेश की डेमोग्राफी से खिलवाड़ किया और असामाजिक तत्वों को बाहर से लाकर बसाने का काम किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के समग्र विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों और जनसांख्यिकीय संतुलन को संरक्षित रखने के लिए संकल्पबद्ध है।
शनिवार शाम गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर के लिए 288 करोड़ रुपये की 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं शहर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। इससे पहले उन्होंने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया और शिव बारात के साथ गांधी पार्क पहुंचे, जहां सरस मेला और यूएसनगर कार्निवॉल का उद्घाटन किया।
सीएम ने बंगाली समाज के लिए गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष की राशि 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की घोषणा भी की।
‘लोग कहते हैं रुद्रपुर से चुनाव लड़ूं’
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कई स्थानों से लोग उन्हें चुनाव लड़ाने की इच्छा जताते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का कमल चिन्ह जहां-जहां है, वहां-वहां वे ही चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर से उनका पुराना संबंध रहा है और किच्छा, काशीपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा सहित पूरा जिला उनका अपना है। उन्होंने कहा कि चुनाव में वे रहें या नहीं, लेकिन मतदान हमेशा खटीमा में ही करेंगे।
2027 चुनावों की ओर इशारा
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की 70 सीटों पर भाजपा मजबूती से चुनाव लड़ेगी। सांसद अजय भट्ट के हवाले से उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ और डीडीहाट से भी लोग उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं।
मेयर ने बताया ऐतिहासिक दिन
सरस मेले के उद्घाटन अवसर पर मेयर विकास शर्मा ने इसे रुद्रपुर के लिए ऐतिहासिक दिन बताया और कहा कि ‘एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने 100 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी है।



