उत्तराखंडदेहरादूनराजनीतिराजनैतिकराज्य

सीएम धामी ने जौलीग्रांट में किया जेपी नड्डा का स्वागत, चुनावी रणनीति पर आज मंथन

देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज जौलीग्रांट स्थित एक होटल में पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई गई है।

बैठक की अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ सियासी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गई है। कोर कमेटी की बैठक में मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव रहेगा।

बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक रणनीति पर चर्चा

बैठक में तय किया जाएगा कि भाजपा अगले चुनाव को किस रणनीति के तहत लड़ेगी। किन मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी और बूथ स्तर तक संगठन को किस प्रकार सक्रिय किया जाएगा, इस पर विस्तार से चर्चा होगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, हाल ही में प्रदेश में पहले चरण का सर्वे कराया गया है। ऐसे में कोर कमेटी की यह बैठक और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर कमजोर और मजबूत सीटों का आकलन किया जाएगा।

विधायकों की स्थिति और सीटों पर होगा मंथन

बैठक में विधायकों की वर्तमान स्थिति, उनकी सक्रियता और जनाधार पर भी चर्चा होगी। किन सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत है और कहां अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है, इस पर रणनीति बनाई जाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो विधायक जिस सीट से निर्वाचित हैं, उन्हें उसी सीट से अगला चुनाव लड़ने की तैयारी करनी चाहिए। विधायक हों या मंत्री, किसी की सीट बदले जाने की संभावना नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button