
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले की कोटी कॉलोनी में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उद्घाटन किया। 6 से 9 मार्च तक टिहरी झील में आयोजित होने वाला यह लेक फेस्टिवल पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में विभिन्न साहसिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके अलावा स्थानीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए फैशन शो, मास्टर शेफ प्रतियोगिता और फोटोग्राफी जैसी प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं।
महोत्सव के दौरान अलग-अलग स्थानों पर मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं दूसरे स्थान के विजेता को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अतिरिक्त पांच-पांच हजार रुपये के दस सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
टिहरी झील महोत्सव के माध्यम से राज्य सरकार का लक्ष्य टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना और यहां की लोक संस्कृति व पर्यटन गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।



