
देहरादून: दो दिन बाद प्रदेशभर में मौसम खुलने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
दून में पांच डिग्री अधिक दर्ज हुआ अधिकतम तापमान
शुक्रवार को देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखी गई।
रविवार से बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से एक बार फिर प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मौसम करवट ले सकता है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।



