उत्तराखंड

चीन सीमा को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क भूस्खलन से बंद, पंगबावे में टूटी विशाल चट्टान

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच चीन सीमा को जोड़ने वाली सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सोबला-ढाकर सड़क पंगबावे क्षेत्र में भूस्खलन के कारण बंद हो गई है। मंगलवार को अचानक पहाड़ी दरकने से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई वाहन या व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया और कोई जनहानि नहीं हुई।

 

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पंगबावे क्षेत्र में अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। पहले से हो रही बारिश के कारण इस मार्ग पर दो स्थानों पर आवाजाही बाधित थी, जबकि ताजा भूस्खलन के बाद अब तीन स्थानों पर भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा जमा हो गया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय वाहन चालकों और आम लोगों से फिलहाल इस मार्ग पर आवाजाही नहीं करने की अपील की गई है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी से विशाल चट्टान टूटने के कारण सड़क को खोलने में समय लग सकता है। हालांकि मौसम अनुकूल रहने पर बुधवार तक मार्ग बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

सोबला-ढाकर सड़क चीन सीमा तक पहुंचने वाला एक महत्वपूर्ण सामरिक मार्ग है। इस सड़क के बंद होने से सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने से कई वाहन भी रास्ते में फंस गए हैं।

 

जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अन्य सड़कों पर भी पड़ा है। कई संपर्क मार्ग भूस्खलन और मलबा आने से बंद हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि वर्तमान में जिले में 17 सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की टीमें सभी मार्गों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं और जल्द ही यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button