
देहरादून। राजधानी की सड़कों पर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। कुछ दिन पहले रोडरेज की घटना में एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की फायरिंग में मौत हो गई थी। अब ताजा मामला विकासनगर के डाकपत्थर क्षेत्र से सामने आया है, जहां देर रात चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी पर कार चढ़ा दी गई।
घटना में एक सिपाही और एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार सवार चार छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी छात्र अस्पताल में भर्ती है। सभी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चेकिंग के दौरान भागी कार
कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि मंगलवार देर रात ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली विकासनगर की संयुक्त टीम डाकपत्थर तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा नंबर की काले रंग की कार को रुकने का इशारा किया गया।
लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार को तेज गति से डाकपत्थर पुल नंबर एक की ओर भगा दिया। संदिग्धता होने पर उपनिरीक्षक नौशाद अंसारी, कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार और कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल ने कार का पीछा किया। कार डाकपत्थर रोड पर धनवंतरी चौक के पास रुकती दिखाई दी।
गाली-गलौज के बाद पुलिसकर्मी को कुचला
जैसे ही पुलिस टीम पूछताछ के लिए आगे बढ़ी, कार सवार छात्रों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से कार को तेजी से पीछे करते हुए पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दिया।
इसमें कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मौके पर मौजूद स्थानीय व्यक्ति विपिन भी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। कांस्टेबल राजेन्द्र बर्तवाल बाल-बाल बच गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और दोबारा वाहन रोकने पर जान से मारने की धमकी दी।
घायलों को तत्काल लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को देहरादून रेफर कर दिया गया।
बल्लीवाला फ्लाईओवर पर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार
घटना के बाद आरोपी देहरादून की ओर भाग निकले और पुलिस से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल किया। बाद में बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में चालक गौरव चौधरी पुत्र सुधीर चौधरी, निवासी नई कॉलोनी, निकट गोगामाड़ी मंदिर डाकपत्थर घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वाहन सवार एक अन्य व्यक्ति को मौके से हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि तीन अन्य आरोपी रास्ते में उतरकर फरार हो गए थे।
इसके बाद पुलिस ने वाहन सवार व्यक्ति सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



