
हरिद्वार : हरिद्वार के खानपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति फिर से गर्म हो गई है। भाजपा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग शुरू हो गई है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप
बीते दिनों एक शादी के दौरान चैंपियन के कथित रूप से नोट उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो पर प्रतिक्रियाओं के बीच चैंपियन ने इसे साजिश बताते हुए दूसरा वीडियो जारी किया और अपने समर्थकों व 36 कौम के लोगों से एकजुट होने की अपील की।
वहीं, विधायक उमेश कुमार ने कहा कि बार-बार उनके खिलाफ गलत बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने चैंपियन से सवाल किया कि अपनी कमाई से उन्होंने कितनी जमीनें ली हैं। उमेश ने यह भी कहा कि मान-सम्मान पर बात आने पर वह पीछे नहीं हटेंगे और समाज में रहने का तरीका सीखने की जरूरत है।
महापंचायत का आह्वान
कुंवर प्रणव चैंपियन ने कहा कि यह लड़ाई स्वाभिमान और क्षेत्र की अस्मिता से जुड़ी है। विरोधी उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। चैंपियन ने महापंचायत बुलाने का आह्वान किया है और कहा कि ऐसे लोगों को चुनौती देंगे।
पिछली घटना: गोलीबारी
इस क्षेत्र में पिछले साल जनवरी में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर शुरू हुए विवाद ने जमीनी स्तर पर हिंसा का रूप लिया और गोलीबारी भी हुई। इस प्रकरण में चैंपियन को लगभग दो महीने तक जेल में रहना पड़ा।
पुलिस की सतर्कता
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। पुलिस टीम सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर उचित कदम उठाए जाएंगे।



