उत्तराखंड

देर रात पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, एक के पैर में गोली, दूसरा फरार

हरिद्वार। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग अभियान जारी है।

 

पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 की देर रात थानाध्यक्ष बुग्गावाला पुलिस टीम के साथ यूपी बॉर्डर से बंजारावाला की ओर जोनल चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बंजारावाला की तरफ से दो मोटरसाइकिल सवार युवक आते दिखाई दिए। संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी।

 

पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर मौके से फरार हो गया।

 

पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा 9 जून 2026 को अमानतगढ़ फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया है।

 

घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button