उत्तराखंडअपराध

बम धमकी के बाद कोर्ट में कड़ी सुरक्षा, सभी गेटों पर लगाए गए मेटल डिटेक्टर

नैनीताल। उत्तराखंड में पिछले चार दिनों से अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब जिला न्यायालय के साथ-साथ हाईकोर्ट को भी धमकी भरा ई-मेल मिला।

मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात ई-मेल आईडी से भेजे गए संदेश में इस बार ड्रोन के माध्यम से न्यायालय परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई है। धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।

कोर्ट परिसर खाली कराया गया

आनन-फानन में जिला न्यायालय के जज चैंबर और कोर्ट परिसर को खाली कराया गया। सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है और परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है। बाहरी लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता तैनात

पुलिस का डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता लगातार परिसर की जांच कर रहा है। गुरुवार को जिला जज प्रशांत जोशी ने भी कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि बम डिस्पोजल स्क्वाड द्वारा गहन चेकिंग कराई जा रही है। हाईकोर्ट में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

चार दिनों से जारी है धमकियों का दौर

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से लगातार इस प्रकार के धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हो रहे हैं। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों को भी धमकी मिली थी। हालांकि, अब तक तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और सभी न्यायालय परिसरों में हाई अलर्ट जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button