अपराधउत्तराखंडशिक्षा

बोर्ड परीक्षा फर्जीवाड़ा में मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, फर्जी प्रवेश पत्र से दिलाई जा रही थी परीक्षा

हरिद्वार। बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले तीन दिन पूर्व पुलिस ने परीक्षार्थी की जगह हिंदी का पेपर दे रहे सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जबकि एक आरोपी फरार चल रहा है।

मामले में प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलाने वाले आरोपी की पहचान चंगेज अंसारी निवासी ज्वालापुर के रूप में की।

पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को अल मौरीद हाईस्कूल, ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताता था और “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से ऑनलाइन कोचिंग ग्रुप संचालित करता था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने ट्यूशन के नाम पर छात्रा के परिजनों से रकम ली और दूसरी छात्रा की फोटो लगाकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया। इसी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी की जगह दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई गई।

पुलिस ने आरोपी को धोखाधड़ी, कूटरचना और सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण कराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सावित्री शिक्षा सदन, रावली महदूद की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button