बदरीनाथ चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का विरोध, कीर्तिनगर में हनुमान चालीसा पाठ कर निष्पक्ष जांच की मांग

पौड़ी: बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी और अयोध्या राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने कीर्तिनगर में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालने के बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया और धार्मिक संस्थानों से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
कार्यक्रम की शुरुआत कीर्तिनगर के नए पुल से पुराने पुल तक पैदल मार्च के साथ हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर देश में सत्य, न्याय और पारदर्शिता की स्थापना की प्रार्थना की।
जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर, केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं। यदि इन धार्मिक संस्थानों के चढ़ावे, दान या संपत्ति में किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप सामने आते हैं, तो उनकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता के विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग की कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान के उपयोग का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक किया जाए, ताकि लोगों का विश्वास बना रहे। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच जारी है। शासन द्वारा गठित उच्चस्तरीय जांच समिति के अध्यक्ष आनंद स्वरूप ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर दान प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण किया है। वहीं, इस मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।



