
विधानसभा सत्र को लेकर कांग्रेस का हमला, गणेश गोदियाल बोले- सरकार जन मुद्दों से भाग रही
देहरादून: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विधानसभा सत्र को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सदन में विधायकों द्वारा उठाए जाने वाले जन मुद्दों पर जवाब देने से सरकार बच रही है।
कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत के दौरान गोदियाल ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में एक बार भी प्रश्नकाल के लिए सोमवार का दिन निर्धारित नहीं किया गया। उनका कहना है कि सोमवार का दिन मुख्यमंत्री के जवाब के लिए तय होता है, इसी कारण प्रश्नकाल उस दिन नहीं रखा जाता।
बजट सत्र की अवधि पर भी उठाए सवाल
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा का बजट सत्र 9 से 13 मार्च तक भराड़ीसैंण में आयोजित किया जाना है, लेकिन सरकार ने इसके लिए केवल पांच दिन का समय तय किया है। कांग्रेस विधायकों की मांग है कि सत्र कम से कम एक माह तक चलाया जाए, ताकि 70 विधायक अपने-अपने क्षेत्रों के मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठा सकें।
‘प्रश्नकाल लोकतंत्र की आत्मा’
गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्नकाल केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। सदन में पूछे गए प्रश्नों से ही सरकार की नीतियों, निर्णयों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार संवाद से दूर भागेगी, तो जनता के मन में अविश्वास की भावना बढ़ेगी। कांग्रेस पार्टी सदन के भीतर और बाहर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।



