
देहरादून/ देहरादून के बसंत विहार थाना इलाके से एक नया मामला सामने आया है। पुलिस के पास एक शख्स की गुमशुदगी की रिपोर्ट हुई। जांच की गई तो पता चला कि व्यक्ति की मौत हो गई है। नशे में धुत तीन युवकों ने उसकी बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया। आरोपी अभी पुलिस हिरासत में हैं।
दरअसल, युवक की हत्या का पता तब चला जब उसके परिवार ने देहरादून नगर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि जिस युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसकी हत्या कर दी गई थी। हालांकि, पुलिस को अभी तक लाश नहीं मिली है। पुलिस को आरोपियों से लाश के बारे में जानकारी मिली है और वो जल्द ही उसे बरामद कर लेंगे।
पुलिस की ओर से जानकारी मिली कि, दिगंबर धीमान के खिलाफ 2021 में बसंत विहार थाने में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में दिगंबर धीमान को जमानत भी मिल गई थी। 9 फरवरी को दिगंबर की देहरादून कोर्ट में पेशी थी, जिसके लिए वो अपने पिता के साथ 9 फरवरी को कोर्ट गया था। वहां रजिस्टर में उसके हस्ताक्षर भी हैं, लेकिन किसी कारण उसकी पेशी नहीं हो पाई।
कोर्ट में पेशी के बाद दिगंबर ने अपने पिता को घर भेज दिया और रेसकोर्स इलाके में अपने दोस्तों के पास गड्ढों वाली गली में चला गया। वहीं एक पार्टी में दिगंबर और उसके तीन दोस्तों ने रात में शराब पी। नशे में चारों की किसी बात पर बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। तीनों दोस्तों ने दिगंबर धीमान को बेसबॉल बैट से मारा, जिससे उसकी मौत हो गई.
देर शाम तक भी दिगम्बर घर नहीं लौटा तो 11 फरवरी को दिगंबर धीमान के पिता ने देहरादून नगर कोतवाली में बेटे के गुमशुदगी की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच और लोकेशन के आधार पर तीनों आरोपियों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, दिगंबर की उसके दोस्तों ने हत्या कर दी और उसका शव भी ठिकाने लगा दिया था।
पुलिस का कहना है कि, बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद तीनों दोस्त घबरा गए और शव को टैक्सी से हरिद्वार लेकर गए और शव को ठिकाने लगाकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि लाश मिलने के बाद जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
• शव बरामद
पुलिस पड़ताल में 9 फरवरी की रात दिगंबर का साथी हेमन्त सेमवाल अपने घर से टैक्सी लेकर अज्ञात स्थान रवाना हुआ। इसके बाद पुलिस ने टैक्सी के बारे में जानकारी जुटाई और इलाके के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। संदिग्ध के आधार पर 17 फरवरी को पुलिस ने टैक्सी चालक राजनन्दन को हिरासत में लिया। राजनन्दन से जब पूछताछ की गई तो उसने पुलिस को बताया कि हेमन्त सेमवाल और उसके साथी एक व्यक्ति के शव को कम्बल में लपेटकर ले गये थे। उन्होंने शव को हरिद्वार के चिडियापुर के जंगलों में ले जाकर रेत में दबा दिया और उसकी टैक्सी से वापस देहरादून आ गये थे। रास्ते में आरोपियों ने उसे बताया था कि शराब के नशे में हुए विवाद में उनके द्वारा बेसबॉल बैट से गलती से मृतक के सर पर चोट मार दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई.
टैक्सी ड्राइवर की निशानदेही पर पुलिस ने गुमशुदा दिगम्बर धीमान के शव को चिडियापुर के जंगल से बरामद किया। शव को छिपाने में संलिप्तता पाये जाने पर टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल अन्य आरोपी फरार चल रहे है, जिनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें लगी हुई है।



