घर में सो रहे युवक की धारदार हथियार से काटकर हत्या।

बिजनौर – ( मंडावली ) श्यामीवाला में बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे अशोक (29) की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी धारदार हथियार को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। फिलहाल पुलिस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में लगी है। विवाद और प्रेम प्रसंग समेत कई पहलू जांच के दायरे में हैं। श्यामीवाला के रहने वाले चंद्रपाल का बेटा अशोक कुमार अपने घर में सोया हुआ था। रात करीब एक बजे कोई अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते घर में घुस आया। उसने अशोक के गले पर धारदार हथियार से वार किए। चेहरे पर भी तीन वार किए। अशोक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारा घर का मुख्य द्वार खोलकर भाग निकला। अशोक के कमरे के पास उसकी बहन स्वाती और मां मुन्नी सो रही थी। आहट होने पर मां बेटी नींद से जागीं। उन्होंने ही दरवाजा खोलकर हत्यारोपी को भागते हुए देखा। इसके बाद मां बेटी हड़बड़ाते हुए अशोक के कमरे में पहुंची। कमरे में अशोक का खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए।सूचना पर मंडावली थाना रामप्रताप सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी अभिषेक झा, एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ नितेश प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल से मिले धारदार हथियार और मृतक के मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर का मुख्य दरवाजा बंद था। अनुमान है कि हत्यारा छत के रास्ते से आया था और घर का मुख्य द्वार खोलकर भाग गया। मृतक के पिता चंद्रपाल ने घटना की तहरीर पुलिस को सौंपी। अशोक मजदूरी करता था। जोकि कम पढ़ा लिखा था।