
देहरादून: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस में महिला के पहले पति को ही आरोपी पाया गया है, जिसने गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को कट्टे में भरकर जंगल में फेंक दिया था।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
19 मार्च 2026 को प्रेमनगर थाना पुलिस ने एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में इस मामले का खुलासा किया। 11 मार्च को मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास एक अज्ञात महिला का शव सफेद कट्टे में मिला था। शव करीब 4-5 दिन पुराना था और चेहरा खराब होने के कारण पहचान संभव नहीं हो पा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 टीमों का गठन किया और करीब 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने 30 से अधिक झुग्गी-बस्तियों में अभियान चलाकर 5000 से ज्यादा लोगों का सत्यापन किया।
आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस
जांच के दौरान कॉसवाली कोठरी क्षेत्र में एक मजदूर के बारे में जानकारी मिली, जिसकी पत्नी अचानक गायब थी। पुलिस ने संदिग्ध रंजीत शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या की वजह
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पहली पत्नी रूपा, जो पहले उसे छोड़कर चली गई थी, एक साल पहले फिर संपर्क में आई। फरवरी 2026 में वह अपनी 11 माह की बच्ची के साथ देहरादून आई और आरोपी पर दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बनाने लगी थी।
5 मार्च की रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
शव को ऐसे लगाया ठिकाने
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कट्टे में भरकर कमरे में छिपा दिया था और चार दिन तक मौके का इंतजार करता रहा। 8 मार्च को उसने बच्ची को दूसरी पत्नी के पास छोड़कर शव को मोटरसाइकिल से शीतला माता मंदिर के पास जंगल में फेंक दिया।
पुलिस की मेहनत लाई रंग
महिला की पहचान न होने के बावजूद पुलिस ने खुद वादी बनकर जांच जारी रखी। आखिरकार 5000 लोगों के सत्यापन और गहन जांच के बाद आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
गिरफ्तार आरोपी:
रंजीत शर्मा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार
वर्तमान पता: भाटोवाला, देहरादून
मृतका:
रूपा (32 वर्ष), निवासी सहरसा, बिहार
पुलिस टीम को इनाम
मामले का खुलासा करने वाली टीम को आईजी गढ़वाल द्वारा ₹5000 और एसएसपी देहरादून द्वारा ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।



