उत्तराखंड

ऋषिकेश में दून एक्सप्रेस का कोच पटरी से उतरा, खाली होने से टला बड़ा हादसा

ऋषिकेश: योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को दून एक्सप्रेस का एक कोच वॉशिंग के लिए ले जाते समय पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कोच पूरी तरह खाली था और उसमें कोई यात्री सवार नहीं था। घटना के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। रेलवे की मैकेनिकल टीम मौके पर पहुंचकर कोच को दोबारा पटरी पर लाने और तकनीकी खामी दूर करने में जुट गई।

 

जानकारी के मुताबिक, हावड़ा से चलकर दून एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे योग नगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रेन को वॉशिंग के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान करीब 11 बजे ट्रेन का एक कोच अचानक पटरी से उतर गया। हादसे के समय कोच खाली होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

 

रात 8:30 बजे हावड़ा के लिए रवाना होनी है ट्रेन

 

दून एक्सप्रेस को बुधवार रात करीब 8:30 बजे योग नगरी रेलवे स्टेशन से हावड़ा के लिए रवाना होना है। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे की मैकेनिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर बेपटरी हुए कोच को दोबारा पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया। फिलहाल रेलवे कर्मचारियों की प्राथमिकता कोच को सुरक्षित तरीके से पटरी पर लाने और तकनीकी खामी दूर करने की है। निर्धारित समय तक मरम्मत पूरी नहीं होने पर ट्रेन के संचालन पर असर पड़ सकता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

 

रेलवे अधिकारियों के बयान का इंतजार

 

मामले में रेलवे का आधिकारिक पक्ष जानने के लिए मुरादाबाद मंडल के डीआरएम विनीत श्रीवास्तव से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। रेलवे की ओर से अभी तक घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल मैकेनिकल टीम मौके पर जुटी हुई है और कोच को दोबारा पटरी पर लाने का काम जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button