उत्तराखंड में आज बदलेगा मौसम, पांच पहाड़ी जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार; घाटियों में कोहरे का अनुमान

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के पांच पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी और घाटी वाले इलाकों में मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।
पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।
घाटियों में कोहरे से घट सकती है दृश्यता
प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। खासकर सुबह और शाम के समय दृश्यता कम हो सकती है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि, इन पांच पहाड़ी जिलों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
देहरादून में खिली रहेगी धूप
राजधानी देहरादून में सोमवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने और दिन में अच्छी धूप खिलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम
प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। लगातार बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। मंदिर परिसर से लेकर आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढकी नजर आ रही हैं। बर्फबारी के बाद धाम का नजारा बेहद आकर्षक हो गया है।



