उत्तराखंड

दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोकने पर विवाद खत्म करने की पहल, सीएम धामी ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड बुलाया

देहरादून। टिहरी जिले के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने को लेकर शुरू हुए विवाद को खत्म करने की पहल हुई है। चर्चा है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। इस घटनाक्रम के बाद विवाद शांत होने के संकेत मिले हैं।

मीका सिंह की टीम ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। टीम ने उम्मीद जताई कि अब विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय आपसी सम्मान के साथ इसे समाप्त किया जा सकेगा।

मीका सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे और दलेर मेहंदी से बात की है। मीका ने मुख्यमंत्री के बातचीत करने के तरीके की सराहना भी की। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि दोनों जल्द ही प्रदेश में कार्यक्रम करने की योजना बना सकते हैं।

इस मामले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

यह था पूरा विवाद

विवाद की शुरुआत सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप करते हुए गायक पर लिप-सिंक करने का आरोप लगाया था। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया। मीका सिंह ने भी सार्वजनिक रूप से अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रतिक्रिया दी थी।

अब मुख्यमंत्री की ओर से दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिए जाने और बातचीत की पहल के बाद विवाद को शांत करने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button