उत्तराखंड

रामनगर में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत चार गिरफ्तार

रामनगर। उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध के दो मामले सामने आए हैं। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर नवविवाहिता की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। वहीं, हरिद्वार जिले के पिरान कलियर में शादी का झांसा देकर करीब दो साल तक महिला का शारीरिक शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

रामनगर में दहेज हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार

रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में नवविवाहिता कोहिनूर की मौत के मामले में उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया था। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया था।

तहरीर के अनुसार, कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर निवासी उवेश के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार सामान देने के बावजूद ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के बीच 16 अक्टूबर को कोहिनूर की हत्या कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विवेचना और पूछताछ में दहेज तथा पारिवारिक मामलों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन कहासुनी के बाद परिवार के अन्य सदस्य भी विवाद में शामिल हो गए थे। आरोप है कि कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और उसके हाथ-पैर पकड़कर दबाव बनाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए उसके गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया।

पुलिस ने मामले में मृतका के पति उवेश, सास नसरीन, जेठ अनस और ननद शबा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमे में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button