गंगोत्री धाम में पहली बार 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद, 10 नवंबर को बंद होंगे कपाट

उत्तरकाशी: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि घोषित होने के बाद अब चारधाम यात्रा के लिए करीब 20 दिन का समय शेष रह गया है। गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को अन्नकूट पर्व पर दोपहर 12:05 बजे बंद किए जाएंगे, जबकि यमुनोत्री धाम के कपाट 11 नवंबर को भैयादूज के अवसर पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद होंगे। इस बीच गंगोत्री धाम में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस वर्ष 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। कपाट खुलने के साथ ही दोनों धामों में तीर्थयात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी थी। मानसून के बाद नवरात्र में भी देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन के लिए गंगोत्री पहुंच रहे हैं। चारधाम यात्रा अंतिम चरण में होने के बावजूद यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की अच्छी आवाजाही बनी हुई है। इससे स्थानीय व्यापारियों, होटल और धर्मशाला संचालकों के साथ तीर्थ पुरोहितों में भी उत्साह है।
10 नवंबर को बंद होंगे गंगोत्री धाम के कपाट
शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को गंगोत्री मंदिर समिति ने पूजा-अर्चना के बाद कपाट बंद होने का मुहूर्त निकाला। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि मंगलवार, 10 नवंबर को अन्नकूट और गोवर्धन पूजा के अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा के लिए रवाना होगी। डोली 11 नवंबर को भैयादूज के अवसर पर मुखबा पहुंचेगी। वहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना की जाएगी।
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने का मुहूर्त आज
यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने का मुहूर्त विजयदशमी पर तय किया जाएगा। तीर्थ पुरोहित सुनील उनियाल के अनुसार, खरसाली गांव स्थित यमुना मंदिर में पुरोहित समाज की मौजूदगी में विधि-विधान से कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त निकाला जाएगा। दोनों धामों के कपाट बंद होने के साथ ही चारधाम यात्रा सीजन समापन की ओर बढ़ जाएगा।
गंगोत्री में अब तक पहुंचे 9.42 लाख से अधिक श्रद्धालु
गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गंगोत्री धाम में हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस वर्ष यात्रा के 193 दिनों में अब तक 9,42,168 श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के लिए अभी करीब 20 दिन शेष हैं। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पहली बार 10 लाख के आंकड़े को पार कर जाएगी।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है। तीर्थ पुरोहितों और होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि यात्रा के अंतिम दिनों में भी बड़ी संख्या में यात्री धाम पहुंचेंगे।



