उत्तराखंड

अंकिता को न्याय से लेकर भ्रष्टाचार और पलायन तक, कांग्रेस का भाजपा पर हमला, 27 अक्टूबर को गैरसैंण विधानसभा घेराव का ऐलान

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। देहरादून में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत वरिष्ठ नेताओं ने सरकार को घेरा।

अंकिता केस में VIP की भूमिका पर सवाल

कुमारी शैलजा ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण केवल एक बेटी को न्याय दिलाने का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता और महिला सुरक्षा का सवाल है। परिवार द्वारा उठाए जा रहे कथित VIP की भूमिका के सवालों का अब तक जवाब नहीं मिला है।

उन्होंने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस नियुक्ति ने उत्तराखंड की जनता की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। अब तो सिक्किम में भी इस नियुक्ति का विरोध हो रहा है।

उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली के इंडिया गेट पर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा गांधी प्रतिमा के समक्ष उपवास, कैंडल मार्च और बाइक रैली के माध्यम से न्याय की मांग उठाई जा रही है।

भ्रष्टाचार, भूमि-खनन माफिया और बेरोजगारी पर घेरा

शैलजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सड़कों के निर्माण, सरकारी ठेकों, भूमि सौदों में प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है और खनन माफिया को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने संदिग्ध भूमि सौदों और ठेकों की निष्पक्ष जांच की मांग की।

उन्होंने कहा कि युवा भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं से परेशान हैं, जबकि पहाड़ के गांव पलायन के कारण खाली हो रहे हैं। सरकार को रोजगार और पलायन रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना लानी चाहिए।

बद्रीनाथ चढ़ावे और महिला बाल विकास विभाग पर सवाल

बद्रीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य से जुड़े विभागों में राशन वितरण, मध्याह्न भोजन और राष्ट्रीय खेलों के खर्चों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार को इन शिकायतों की जानकारी नहीं थी या जानबूझकर कार्रवाई टाली गई।

कांग्रेस के आगामी बड़े कार्यक्रम

कांग्रेस ने आंदोलन को तेज करने के लिए चार बड़े कार्यक्रमों का ऐलान किया है –

  • 22 से 25 अक्टूबर: प्रदेशभर में न्याय यात्रा और जनसंवाद
  • 27 अक्टूबर: गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव, अंकिता प्रकरण, VIP की भूमिका, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे उठाए जाएंगे
  • 1 नवंबर: दिल्ली में SIR और मतदाता अधिकारों को लेकर विशाल रैली
  • 4 नवंबर: उत्तराखंड की जमीन और संसाधनों की औने-पौने दामों पर बिक्री के विरोध में जिलों में धरना प्रदर्शन
  • कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच, सरकारी खर्चों में जवाबदेही और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता प्राथमिकता होगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, सह-प्रभारी मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, कर्नल राम रतन नेगी, राजेंद्र भंडारी, सुलेमान अंसारी, जसविंदर सिंह गोगी, ज्योति रौतेला, सुजाता पॉल, पंखुड़ी पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button