उत्तराखंड

कैंची धाम जाने से पहले जान लें ट्रैफिक प्लान, 10 और 11 अक्टूबर को भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में वीकेंड पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 10 और 11 अक्टूबर के लिए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। इसके तहत भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी, जबकि निजी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

बाबा नीम करौरी की महिमा और उन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बाद कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद के बीच पहाड़ी सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है। वीकेंड पर संभावित भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने वाहनों के रूट निर्धारित किए हैं।

यातायात प्लान के अनुसार, सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, केमू बसों, निजी बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक निर्धारित रूट लागू रहेंगे।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा। रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़ और खुटानी बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

वहीं, हल्द्वानी और काठगोदाम से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी, मुक्तेश्वर और रामगढ़ के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी निर्धारित की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहीं, गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटकों के वाहनों की पार्किंग भवाली सैनिटोरियम में होगी। इन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम मंदिर तक पहुंचाया जाएगा।

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी तथा दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इससे जाम से बचने और यात्रा को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button