देहरादून में पत्नी की हत्या कर पति फरार, पाठल से गर्दन और पीठ पर किए कई वार

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले की कालसी तहसील के ग्राम कचटा में घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की पाठल से वार कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान नीलम (22) के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी पति मनोज मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और हत्या में इस्तेमाल की गई पाठल बरामद कर ली। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, मनोज मजदूरी करता है। घटना के समय वह भोजन करने के लिए घर आया था और दो मंजिला मकान की निचली मंजिल के कमरे में पत्नी नीलम के साथ मौजूद था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के बाद नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकली।
आवाज सुनकर आरोपी की बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। इसी बीच मनोज भी कमरे से बाहर आया और बरामदे में नीलम को पकड़कर वहां रखी तेजधार पाठल से उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने नीलम की गर्दन, पीठ और बगल पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण नीलम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आरोपी की मां घर के पास खेत में काम कर रही थी। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी अपने छोटे बेटे संजय को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने मनोज को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।
मृतका नीलम लखवाड़ निवासी धींगा की पुत्री थीं। उनका विवाह करीब दो वर्ष पहले मनोज से हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी। नायब तहसीलदार के अनुसार, आरोपी के भाई संजय की शिकायत पर हत्या समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रथम दृष्टया घटना का कारण घरेलू विवाद माना जा रहा है। राजस्व पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।



