देहरादून में दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या, लूट के विरोध पर पेचकस से हमला

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसे एक आरोपी ने लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आरोपी घर में दाखिल हुआ और रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपी ने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं।
रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने रमेश कपूर पर भी हमला किया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के दौरान शोर सुनकर भारती भंडारी समेत आसपास के पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। हालांकि पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पड़ोसियों ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने निजी वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस लूट के अलावा वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। एसएसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।



