उत्तराखंड

SIR को लेकर कांग्रेस का बड़ा आरोप, मनोज रावत बोले- उत्तराखंड में 13.85 लाख वोट काटे गए

देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की SIR कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक मनोज रावत ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया में प्रदेश के 13.85 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्री-SIR और SIR प्रक्रिया के दौरान हुई कुल वोट कटौती के वास्तविक आंकड़े निर्वाचन आयोग सार्वजनिक नहीं कर रहा है।

कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में मनोज रावत ने आरोप लगाया कि फॉर्म-7 को ऑटो जनरेट करने, भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर कार्रवाई करने और कथित फर्जी शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने से पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग और भाजपा के बीच कथित सांठगांठ का भी आरोप लगाया।

रावत ने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में करीब 14 प्रतिशत मतदाताओं के नाम कम होना गंभीर मामला है। उन्होंने इसे ‘वोट चोरी’ बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंटों और बीएलओ की सजगता के कारण बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सके। रावत ने आने वाले समय में फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए इसे असंगत बताया।

वहीं, निर्वाचन विभाग के अनुसार 8 जून 2026 को SIR शुरू होने के समय उत्तराखंड में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे, जबकि अंतिम सूची में 71,58,949 मतदाता हैं। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक SIR की शुरुआती सूची और अंतिम सूची के बीच 8,01,813 मतदाताओं की कमी हुई है। कांग्रेस इससे अलग आधार संख्या का हवाला देकर करीब 13.85 लाख की कमी का दावा कर रही है।

SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों के बीच अब मतदाता सूची में हुए बदलाव, नाम हटाए जाने की प्रक्रिया और पुराने रिकॉर्ड से अंतिम सूची के मिलान को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button