उत्तराखंड

भाजपा पार्षद के घर चोरी से हड़कंप, परिवार को बेहोश कर लाखों की ज्वेलरी लेकर भागा आरोपी

देहरादून। राजधानी देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर चोरी की घटना सामने आई है। चोरी का आरोप घरेलू सहायक पर लगा है। पुलिस के अनुसार, घरेलू सहायक ने कथित तौर पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार को बेहोश किया और इसके बाद घर से नकदी व लाखों रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बसंत विहार पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की सुबह वार्ड संख्या 36 विजय पार्क की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर चोरी की सूचना मिली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घरेलू सहायक ने परिवार के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया था। परिवार के सदस्य बेहोश होने के बाद वह घर से नकदी और आभूषण लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर से गायब नकदी और ज्वेलरी की कीमत का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही घटना के समय घर में मौजूद लोगों और घरेलू सहायक की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और आरोपी घरेलू सहायक की तलाश में जुटी है।

सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पार्षद की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी घरेलू सहायक की तलाश के साथ ही घर से गायब नकदी और ज्वेलरी के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button