उत्तराखंड

उत्तरकाशी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा, कालिंदी समेत विभिन्न ट्रैक से 67 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कालिंदी खाल समेत विभिन्न ट्रैक रूटों पर फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है। SDRF, भारतीय सेना, UCADA, पैरामिलिट्री बल, उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन समेत कई विभागों की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाकर सभी फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया।

SDRF के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि SDRF की टीमें अन्य बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में रेस्क्यू अभियान में जुटी रहीं। बचाव दलों ने कठिन परिस्थितियों में पैदल रेस्क्यू के साथ-साथ हेली रेस्क्यू के जरिए ट्रेकर्स को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

अभियान के दौरान अलग-अलग ट्रैक रूटों से कुल 67 ट्रेकर्स को सकुशल रेस्क्यू किया गया। इनमें ऑडेन कोल से 29, कालिंदी खाल से 19, माउंट जॉगिंग से आठ और वासुकी ताल से 11 ट्रेकर्स शामिल हैं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, खराब मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों के कारण बचाव दलों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम के कारण उड़ान संचालन में दिक्कतें आईं।

इन विषम परिस्थितियों के बावजूद SDRF समेत सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क के जरिए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया और सभी 67 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया।

रेस्क्यू किए गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया।

बताया गया कि खराब मौसम के कारण कालिंदी खाल समेत कई अन्य ट्रैक रूटों पर पर्यटक फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था, जिसे अब पूरा कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button