उत्तराखंड

अलकनंदा नदी में तैरते समय तेज बहाव में बहा व्यक्ति, NDRF-SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

कर्णप्रयाग: चमोली जिले के कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में तैरते समय एक व्यक्ति तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लापता व्यक्ति की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस को स्थानीय लोगों से मिली सूचना के अनुसार, मंगलवार को पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में नदी के बीच एक दुर्गम चट्टान पर दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह चट्टान से नदी की ओर उतरा और तैरते हुए आगे बढ़ने लगा। इसी दौरान वह अलकनंदा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंची और बचाव दलों के साथ उसकी तलाश शुरू की। एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें नदी के संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही हैं।

पुलिस के अनुसार, सतीश कुमार खाली अचानक घर से निकल गया था। उसके परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से परेशान था। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस दुर्गम चट्टान पर सतीश दिखाई दिया था, वहां पहुंचना बेहद मुश्किल है। सामान्य रास्ते से वहां पहुंचना संभव नहीं है और रस्सी के सहारे भी वहां तक पहुंचना आसान नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सतीश अच्छा तैराक था और संभव है कि वह नदी में तैरकर उस चट्टान तक पहुंचा हो। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चट्टान पर कुछ समय तक दिखाई देने के बाद उसने अलकनंदा नदी में उतरकर तैरना शुरू किया। वह काफी दूरी तक तैरता हुआ दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद नदी का बहाव तेज होने पर वह पानी में बह गया।

हालांकि, सतीश उस दुर्गम चट्टान तक आखिर कैसे पहुंचा, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। उसकी तैराकी और चट्टान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों की ओर से नदी में तैरकर वहां पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

कोतवाल विनोद थपलियाल ने बताया कि व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लापता सतीश कुमार खाली की तलाश के लिए एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button