उत्तराखंड

देहरादून में ऑटो गैंग का पर्दाफाश, खुखरी दिखाकर नशेड़ियों से लूटते थे मोबाइल; दो गिरफ्तार

देहरादून: नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले कथित ऑटो गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑटो में घूमकर खास तौर पर नशे के आदी लोगों को अपना निशाना बनाते थे और खुखरी दिखाकर उन्हें डराने-धमकाने के बाद मोबाइल और पैसे छीन लेते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो स्मार्टफोन, एक धारदार खुखरी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को नेहरू कॉलोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपी रूप नगर रेलवे पटरी के पास खाली मैदान में अपने ऑटो के साथ खड़े हैं। सूचना थी कि दोनों संभवतः दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही ऑटो में बैठे दोनों युवकों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक धारदार खुखरी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन के संबंध में आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि दोनों मोबाइल फोन उन्होंने आनंदग्राम और रिस्पना पुल के पास दो नशे के आदी लोगों से खुखरी दिखाकर डराने-धमकाने के बाद छीने थे।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुद भी नशे का आदी होना बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए मोबाइल स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपी मुख्य रूप से नशेड़ी लोगों को ही अपना निशाना बनाते थे। ऑटो में सवार होकर ऐसे लोगों की तलाश करते और फिर खुखरी दिखाकर उनसे मोबाइल फोन व पैसे छीन लेते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया है। मोबाइल स्नेचिंग के मामले में मु0अ0सं0-378/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं, अवैध खुखरी बरामद होने के संबंध में मु0अ0सं0-381/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (23), निवासी पंचायती शिव मंदिर के पास, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून और सुनील उर्फ चक्की (22), निवासी मंगल बस्ती, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में छीने गए दो स्मार्टफोन, एक खुखरी और घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK-07-TE-4872 बरामद किया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button